
काशीपुर। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर काशीपुर भाजपा नगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने नगर के मुख्य चौराहे पर मिष्ठान वितरण कर जीत का जश्न मनाया। इस अवसर पर पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा ने कहा कि दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर पूर्ण विश्वास जताते हुए आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया। उन्होंने कहा कि जनता अब भली भांति समझ चुकी है कि देश नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही सुरक्षित और समृद्ध रह सकता है। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली का समूचा विकास होगा। वहीं नव नियुक्त महापौर दीपक बाली ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुशल नीतियों के फलस्वरूप दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत हुई है। सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने केजरीवाल सरकार की कथनी और करनी में अंतर को पहचान लिया था। आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार का सच सामने आने के बाद दिल्ली की जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देते हुए भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प को जनता ने एकमत से स्वीकार किया है, जिसका परिणाम दिल्ली चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत के रूप में सामने आया। इस बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की। कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, ईश्वर चंद्र गुप्ता, पूर्व महापौर उषा चौधरी, मुक्ता सिंह, शशांक सिंह, राहुल पैगिया, राजकुमार यादव, कैलाश प्रजापति, प्रभात साहनी, चेतन अरोरा, मुकेश पाहवा, रवि पाल, प्रियंका अग्रवाल, रजत सिद्धू, शिवांश गोले, रवि अरोरा, धीरज वर्मा, इंतजार हुसैन, कविता यादव, मुकेश चावला, अतुल पांडे, अमन बाली, जतिन नरूला, अनीता कांबोज, रवि प्रजापति, राजकुमार सेठी, सर्वेश बाली, तेजवीर चौहान, सुशील शर्मा, बिट्टू राणा, अजय टंडन बोकी, आदि तमाम भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।

संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263